Udhyog Hakikat

यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर फिर महंगा 

 आगरा 
यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर एक बार फिर महंगा हो गया है। एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी ने टोल रेट में इजाफा कर दिया है। शनिवार रात से ही नए शुल्क वसूले जा रहे हैं। ऐसे में अब नोएडा से आगरा आने-जाने के लिए ज्यादा रकम देनी पड़ेगी। कार, जीप और वैन के साथ दो पहिया और तिपहिया वाहनों के शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। जबकि बस, ट्रक, एलसीवी व एमएवी, एससीएम वाहनों के टोल में पांच रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

जानकारी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे पर देर रात पहुंचे वाहनों को नए टोल रेट की जानकारी तब हुई, जब वे अपने वाहन लेकर वहां पहुंच रहे हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर सुहाने सफर की यात्रा करने वाले बस, ट्रक, एलसीवी व एमएवी, एससीएम वाहनों के टोल में शनिवार की देर रात्रि से बढ़ोतरी की गई है। 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेस वे पर जेवर, मथुरा और आगरा टोल प्लाजा पड़ते हैं। तीनों टोल पर पांच-पांच रुपये की बढ़ोतरी होने से कॉमर्शियल वाहन स्वामियों को एक ओर से 15 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। तुलसीराम गुर्जर, खंदौली टोल प्रभारी, यमुना एक्सप्रेसवे कहते हैं कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर नई दरों को लागू किया गया है। नई दरें रात से लागू कर दी गई हैं। बाइक व कार को छोड़कर अन्य वाहनों में टोल की बढ़ोतरी की गई है।