Udhyog Hakikat

यूपी में धान खरीद चार हजार केंद्र बनाए गए,  आज से शुरुआत

 लखनऊ 
उत्तर प्रदेश में धान खरीद की शुरुआत शुक्रवार से होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक अक्तूबर से 31 जनवरी, 2022 और पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक नवम्बर से 28 फरवरी 2022 तक खरीद होगी। प्रदेश में धान खरीद के लिए चार हजार केन्द्र बनाए गए हैं और 70 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। इस बार कॉमन धान श्रेणी 1940 रुपये प्रति कुन्तल और ग्रेड-ए के धान का मूल्य 1960 रुपये प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। 

पिछली बार सरकार ने 55 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा था लेकिन खरीद 60 लाख मीट्रिक टन की हुई थी। अपर खाद्य आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने कहा कि योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को अपने बैक खाते को आधार कार्ड से लिंक कराना होगा। ऑनलाइन पंजीयन के लिए किसानों को वहीं नंबर इस्तेमाल करना होगा जो उसके आधार कार्ड व बैंक खाते में हो। केन्द्रों पर 17 प्रतिशत या उससे कम नमी का धान क्रय किया जाता है। धान के मूल्य का भुगतान किसानों के बैंक खाते में 72 घंटे के अन्दर कर दिया जाएगा। क्रय केन्द्रों पर सोमवार से गुरुवार तक 50 कुंतल तक और शुक्रवार व शनिवार को 50 कुन्तल से अधिक धान क्रय किया जायेगा। रविवार व सरकारी छुट्टी पर धान खरीद नहीं होगी।