Udhyog Hakikat

शिवराज ने कसा तंज, कहा- कांग्रेस ने 15 साल में मध्य प्रदेश को बर्बाद कर दिया, कमलनाथ ‘ट्विटर मास्टर’

 भोपाल 
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तंज करते हुए उन्हें 'टि्वटर मास्टर' कहा है। साथ ही शिवराज ने कमलनाथ को जमीनी हकीकत से दूर बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को जमीन पर आते हुए जनता से मिलकर वस्तुस्थिति को देखना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान आज दोपहर जिले के झिरनिया में जन कल्याण और सुराज अभियान यात्रा के तहत विद्युत उपकेंद्रों के भूमि पूजन और अन्य कार्यक्रमों के दौरान जनता को संबोधित कर थे। 

जहां जाता हूं, कमलनाथ ट्वीट कर देते हैं
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि वह जहां भी जाते हैं, उसके पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ट्वीट कर देते हैं कि वह वहां क्यों जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ को यह समझना चाहिए कि केवल टि्वटर फटकारने से काम नहीं चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की भलाई और प्रदेश के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। इसके लिए पूरी ऊर्जा से काम किया जा रहा है। 

प्रदेश को रसातल में ले गए कमलनाथ और दिग्विजय
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 15 महीने के कार्यकाल में कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेश को रसातल में ले गए। अब किसानों के नाम पर धरने पर बैठने और बैठाने का नाटक किया जा रहा है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के शासनकाल में बैतूल में किसानों पर गोली चलाने और बिजली और सिंचाई परियोजनाओं की बुरी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान यह जुमला चल रहा था कि 'जब तक रहेंगे दिग्गी तब तक रहेगी चिमनी की डिब्बी'। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना को लेकर श्री कमलनाथ कुछ भी नहीं करके गए, इसलिए कोरोना का नियंत्रण करना भाजपा की सरकार की प्राथमिकता थी। उन्होंने कोरोना को चोर बीमारी कहते हुए सावधानी रखने की सलाह दी और वैक्सीन लगाने का आग्रह भी किया।