Udhyog Hakikat

बाहुबली विधायक के करीबी का 10 करोड़ का शॉपिंग मार्ट ध्वस्त

 मऊ
मऊ सदर विधानसभा सीट से बाहुबली विधायक और बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी पर प्रशासन द्वारा शिकंजा कसना तेज कर दिया गया है। मऊ में शनिवार सुबह मुख्तार के करीबी और ठेकेदार उमेश सिंह के शॉपिंग मार्ट पर प्रशासन का बुलडोजर चला। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुई। इससे मौके पर खलबली मची रही।

करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बना यह मार्ट पिछले कई वर्षों से संचालित हो रहा था। पूर्वांचल के मऊ जिले में बाहुबली मुख्तार अंसारी के करीबियों पर पुलिस का शिकंजा कसता ही जा रहा है। मऊ सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में अवैध तरीके से निर्माण करने का मुकदमा स्टेट बनाम उमेश सिंह, अजय सिंह, विजय सिंह, विनय सिंह के विरुद्ध चल रहा था। जिसकी सुनवाई करते हुए शुक्रवार को कोर्ट ने ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया।

आदेश के क्रम में सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी में बने मेगा मार्ट के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई। एडीएम के हरि सिंह, सीओ सिटी धनंजय मिश्रा, ईओ नगर पालिका दिनेश कुमार, शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव, सरायलखंसी एसओ राम सिंह, हलधरपुर एसओ निहार नंदन सिंह सहित नगर पालिका कर्मचारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।  इस संबंध में सीओ सिटी धनजंय मिश्रा ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के क्रम में अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया जा रहा है।