विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन विभाग के विशेष कार्यक्रम होंगे : प्रमुख सचिव शुक्ला

0
106

भोपाल
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटको के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध निदेशक पर्यटन बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि 26 सितंबर (रविवार) को रातापानी वन्यजीव अभयारण्य के बफर जोन में रॉक आर्ट ट्रेल आयोजित की जाएगी और  27 सितंबर को बोट क्लब, भोपाल में योग और जुम्बा सत्र के साथ साथ मिंटो हॉल में विशेष विशेषज्ञ सत्र आयोजित किया जा रहा है। विशेषज्ञ सत्र का शुभारंभ पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही 26 और 27 सितंबर दोनों ही दिन पर्यटन विकास निगम की सभी इकाइयों को रोशन किया जायेगा।

श्री शुक्ला ने बताया कि मिंटो हॉल में आयोजित विशेष सत्र में पर्यटन उद्योग के अवसरों, संभावनाओं, विकास की अवधारणा और भविष्य की चुनौतियों को अवसर में बदलने पर चर्चा की जाएगी। इस सत्र में चीफ संस्कृति यूनेस्को, नई दिल्ली से सुश्री जुन्ही हान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। देशभर के यात्रा व्यापार संघों, होटल संघों, कला और शिल्प विशेषज्ञों, कृषि पर्यटन, होम स्टे विशेषज्ञों के सदस्यों को सत्र में भाग लेने और अपने बहुमूल्य सुझाव और इनपुट प्रदान करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

भोजन और आवास पर आकर्षक 25% छूट
प्रबंध निदेशक पर्यटन राज्य विकास निगम एस. विश्वनाथन ने बताया कि एम.पी.एस.टी.डी.सी. पर्यटकों के स्वागत के लिए हमेशा तैयार है। बोट क्लब और विंड एंड वेव्स रेस्तरां में योग और जुंबा सत्र आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की गयी है। इसके साथ ही विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर 2021 को प्रदेश में पर्यटन विकास निगम की सभी इकाइयों पर मेहमानों के लिए भोजन और आवास पर आकर्षक 25% छूट प्रदान की जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि पूरे विश्व में 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष यू.एन.डब्ल्यू.टी.ओ. ने विश्व पर्यटन दिवस 2021 को "समावेशी विकास के लिए पर्यटन" की थीम पर ध्यान केंद्रित करने नामित किया है। इस अवसर पर भारत सरकार ने "आजादी का अमृत महोत्सव" के अंतर्गत एक पहल की है जो प्रगतिशील भारत के 75 साल और इसकी संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास से आमजन को परिचित कराया जाएगा। पर्यटन बोर्ड, राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और आमजन को राज्य के समृद्ध इतिहास, परंपराओं, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विरासत, संभावनाओं और पर्यटन महत्व आदि से अवगत कराने और उनके पर्यटन ज्ञान को बढ़ाने के लिए राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here