‘ममता के तालिबानी राज से बचाएंगे बंगाल को’, अध्यक्ष बनाए जाने पर बोले बीजेपी नेता सुकांता मजूमदार

0
146

नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सांसद सुकांता मजूमदार को सोमवार को पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं, राज्य के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। राज्य बीजेपी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सुकांता मजूमदार ने कहा कि बंगाल को ममता बनर्जी के तालिबानी राज से बचाएंगे।  सुकांता ने कहा कि उन्होंने (BJP) ने मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, पीएम और अन्य को धन्यवाद। बीजेपी ने पहले पश्चिम बंगाल को बचाने और तालिबानीकरण को रोकने के लिए लड़ाई लड़ी थी, हम भविष्य में भी ऐसा करेंगे। हम इसे ममता बनर्जी के तालिबानी शासन से बचाएंगे। बता दें कि घोष को पिछले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब वह नड्डा के साथ भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष होंगे। पार्टी ने इसके साथ ही पिछले दिनों उत्तराखंड की राज्यपाद के पद से इस्तीफा देने वाली बेबी रानी मौर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। मौर्य के इस्तीफे के बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उन्हें भाजपा में कोई जिम्मेदारी दी जा सकती है।
 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here