Udhyog Hakikat

शक्ति-भक्ति के पर्व के मौके पर भाजपा का महाअभियान, घर-घर पहुंचेंगी टोलियां

भोपाल
उपचुनाव वाले क्षेत्रों में नामांकन दाखिले का काम खत्म होने के बाद अब भाजपा घर-घर दस्तक देने की तैयारी में है। इसके लिए विधानसभा स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की टोलियां बनाने का काम हो रहा है। यह टोलियां उपचुनाव वाले क्षेत्रों में घर-घर जाएंगी। पार्टी के कार्यकर्ता मतदाताओं को पार्टी और शिवराज सरकार के काम बताने के साथ कार्यकर्ताओं की रजामंदी से घर-घर पार्टी का झंडा लगाने का काम भी करेंगे।

नवरात्र शक्ति और भक्ति का पर्व है और उपचुनाव में भाजपा इसका फायदा लेने के लिए कोई कसर बाकी नहीं रखने वाली है। इसी के मद्देनजर नवरात्र शुरू होने के बाद पार्टी की ओर से अलग से कार्यक्रम तय कर चुनाव वाले क्षेत्रों में घरों में संपर्क करने की रणनीति पर काम करने का फैसला लिया गया है। प्रदेश संगठन ने तय किया है कि उपचुनाव वाले क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता कल से बूथ स्तर में घर-घर पहुंचकर कन्या पूजन करेंगे और उनसे विजय का आशीर्वाद लेंगे।

कन्या पूजन का यह कार्यक्रम दुर्गा अष्टमी तक चलेगा। इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता लोगों के जीवंत सम्पर्क में आएंगे। इसके साथ ही नवरात्र के दौरान सजाए गए दुर्गा पांडालों में भी पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचकर माता और वोटर का आशिर्वाद लेंगे। इसके लिए विधानसभा और बूथ स्तर पर टोलिया बनाने का काम कुछ विधानसभा क्षेत्रों में हो चुका है तो कुछ में टोलियां बनाने की प्रक्रिया चल रही है।

भाजपा प्रदेश भर में विजयादशमी के दिन विजय पर्व मनाएगी। उपचुनाव प्रबंध समिति के संयोजक और मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इस दिन पार्टी का हर कार्यकर्ता घर-घर दीपक जलाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ कार्यकर्ता तक घर-घर दीये जगमग कर विजय पर्व मनाएंगे। दशहरा पूजन के साथ कार्यकर्ता विजय पर्व का संकल्प भी लेंगे।

खंडवा लोकसभा सीट से मांधाता विधानसभा के प्रभारी और मंत्री विजय शाह ने कहा है कि कांग्रेस का प्रत्याशी मजबूत है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार राजनारायण सिंह को अनुभवी भी कहा है। गौरतलब है कि इसके पहले मंत्री शाह इसी विधानसभा के बीड़ में कार्यकर्ताओं के बीच यह कहकर विवादों में आ गए थे कि मांधाता विधानसभा की 264 पोलिंग बूथ में भाजपा जीत नहीं सकेगी। भाजपा को जीतने नहीं देंगे। बाद में विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई देते हुए जुबान फिसल जाने की बात कही थी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को अंतर्राष्ट्रीय झूठा करार दिया है। शर्मा ने सड़कों की दशा को लेकर सिंह के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय अंतर्राष्ट्रीय झूठे हैं। इस प्रकार की झूठ बोलने की राजनीति ठीक नहीं है। दिग्विजय सिंह कहीं की सड़क को कहीं का बता रहे हैं। केंद्र सरकार ने गांव-गांव को सड़कों से जोड़ दिया है। आज के समय भारत में रोड टूरिज्म विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सरकार में तो सड़क ढूंढे ही नहीं मिलती थी।