Udhyog Hakikat

EOW: जमीन के नाम पर लाखों हड़पने वाली कंपनी संचालकों पर शिकंजा

भोपाल
भोपाल और उसके आसपास के लोगों को जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपए ठगने वाली कंपनी पर ईओडब्ल्यू ने शिकंजा कस दिया है। कंपनी और उससे जुड़े लगभग डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ कई साल चली जांच के बाद प्रकरण दर्ज किया गया है। इस मामले में डेढ़ दर्जन के लगभग आरोपी बनाए गए हैं।

ईओडब्ल्यू को वर्ष 2015 में नागपुर बेस्ड फीनिक्स इंफ्रा इस्टेट इंटरनेशनल कंपनी के खिलाफ शिकायत मिली थी। इस कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने भोपाल के मानसरोवर कॉम्पलेक्स में कार्यालय खोला लिया था। कंपनी के संचालक जितेश नसीने और साथियों ने भोपाल और उसके आसपास प्लॉट विकसित कर फ्लैट देने के नाम पर राशि लेकर धोखाधड़ी की। आवेदकों को न तो प्लॉट दिए गए और न ही उन्हें पैसे वापस किये गए। कंपनी ने दीपक सोमगढ़े से दो लाख 90 हजार, कालिंदी सेवादिया, शांति गुर्जर, रंजीता मंडल से राशि से लेकर अनुबंध किया।

इसी तरह कमलेश कुमारी से भी तीन लाख रुपए,शांतिदेव अग्रवाल से चार लाख 62 हजार,जसवंत सिंहा से 4 लाख 72 हजार रुपए चंदा लखेरा से 2 लाख 25 हजार, राहुल श्रीवास्तव, गजानन मालवीय दोनों से 2 लाख 74 हजार ले लिया। इसी तरह रायसेन जिले की गौहरगंज तहसील के भोजपुर में इस कंपनी ने प्लॉट और फ्लैट बेचने के नाम पर लोगों को ठगा।  सूजा नायर से 12 लाख 42 हजार ठग लिए। कंपनी ने इस तरह से करीब 50 लाख रुपए से ज्यादा लोगों से ठग लिये और कंपनी बंद कर भाग गए। करीब सात साल चली जांच के बाद ईओडब्ल्यू ने इस मामले में 17 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।