Udhyog Hakikat

दिवाली गिफ्ट में मंत्री पद या निगम-मंडल की कुर्सी, संगठनात्मक बदलाव के भी संकेत

भोपाल
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने भोपाल प्रवास के दौरान लंबे समय से प्रतीक्षित निगम मंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद की शेष नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार इसी माह करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद माना जा रहा है कि अब दीपावली के पहले सेवा के पद चाहने की उम्मीद लगाए पार्टी कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके साथ ही संगठनात्मक बदलाव के भी संकेत मिले हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की जाने वाली नियुक्ति और विस्तार के बाद संगठन स्तर पर कुछ पदाधिकारियों के कामकाज भी बदले जाएंगे।

रातापानी सेंक्चुरी में शनिवार को दस घंटे तक हुई ‘योजना बैठक ’ में संगठन महामंत्री संतोष ने साफ तौर पर कहा है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हर सीट जीतने की तैयारी अभी से करना होगी और इसके लिए अभिमान को किनारे रखकर हर कार्यकर्ता को सुनना होगा। किसी छोटे बड़े कार्यकर्ता की अनदेखी नहीं करना है। बैठक में हुए निर्णयों में मुख्य रूप से जो बात सामने आई है वह राजनीतिक नियुक्तियों से जुड़ी है। इसलिए अब मुख्यमंत्री चौहान जल्द ही निगम मंडल में नियुक्ति करने के साथ मंत्रिमंडल विस्तार करेंगे। संतोष ने इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व की सहमति साफ कर दी है। इस बैठक में पार्टी के कई बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम भी तय किए गए हैं लेकिन अभी इसकी प्रक्रिया शुरू होने के पहले इसे सार्वजनिक करने से पार्टी नेता बच रहे हैं और कह रहे हैं कि जो प्लान तय हुए हैं, वह आने वाले समय में ही पता लगेंगे। बताया गया कि इस बैठक में बूथ स्तर पर कार्यक्रम चलाने को लेकर भी रणनीति बनी है और संगठनात्मक कामकाज के लिए जिन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है, उन्हें हर पल अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है।

विधायकों को निगम-मंडल में पद देने पर बिफरे विश्नोई
निगम मंडल में नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झंडी मिलने के 24 घंटे के भीतर पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई का एक ट्वीट रविवार को चर्चा में रहा। विश्नोई ने ट्वीट कर कहा कि कार्यकर्ताओं की पार्टी भाजपा में अनेकों योग्य कार्यकर्ता आरक्षण अथवा अन्य किसी कारण से विधायक नहीं बन पाते हैं। विधायकों को निगम मंडल में पद देना ऐसे कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय होगा। यह ट्वीट उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम शिवराज, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद और मध्यप्रदेश भाजपा को टैग किया है।