Udhyog Hakikat

ग्वालियर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, पारा 4.2 पर, 25 दिसंबर से चंबल सहित कई इलाकों में बारिश संभव

ग्वालियर
हिमाचल-जम्मू कश्मीर में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड झेल रहा है। इसका असर प्रदेश में भी दिखने लगा है। वहां से आ रही बर्फीली हवाओं से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। प्रदेश के 16 शहरों में शीतलहर के साथ कोल्ड डे रहा। भोपाल में सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, तापमान 21 डिग्री तक लुढ़क गया। ये सामान्य से 5 डिग्री कम है।

प्रदेश के ग्वालियर, नौगांव और सागर में शीतलहर का आगाज होचुका है। आज सुबह यहां न्यूनतम तापमान 4 से 4.5 डिग्री दर्ज किया गया।  मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार न्यूनतम तापमान जब चार डिग्री तक आ जाता है तो शीतलहर की शुरूआत हो जाती है। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर ग्वालियर रहा है जहां पर तेज हवा के साथ न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही  छतरपुर, उज्जैन, शाजापुर, रतलाम, खरगोन, इंदौर, धार, राजगढ़ और रायसेन में कोल्ड डे का अहसास हो रहा है। इसके साथ ही मुरैना, श्योपुरकलां, भिंड, दतिया, शिवपुरी, ग्वालियर और अशोकनगर में कोल्ड डे रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी में शनिवार दिन का तापमान भी सामान्य से पांच  डिग्री नीचे 21 डिग्री और भोपाल में रात का तापमान सामान्य से 6 डिग्री दर्ज किया गया, इसलिए यहां कोल्ड डे रहा है।  इंदौर और धार में सीवियर कोल्ड डे का अहसास हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा होने से हो रहा है। ठंड से लोगों के बचाव के लिए प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव रखे जा रहे हैं।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि ग्वालियर-चंबल में 25 के बाद हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। अन्य इलाकों में बारिश की ज्यादा उम्मीद नहीं है। अभी कोई पश्चिमी विक्षोभ नहीं है। 25 दिसंबर तक इसके आने उम्मीद है, लेकिन इसका ज्यादा असर नहीं होगा।

भोपाल में रात का पारा सीजन में पहली बार 10 डिग्री सेल्सियस पर आया है। दिन में यह 22 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। आज रात भी यह 2 डिग्री तक लुढ़क सकता है। इसके साथ ही अगर दिन में तापमान 22 से कम रहता है, तो शाम को भोपाल में शीतलहर रहेगी। अभी इंदौर में रात का पारा सामान्य बना हुआ है। दिन में जरूर यह करीब 3 डिग्री नीचे चला गया है।