प्रदेश अध्यक्ष ने ली पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक

0
82

भोपाल
चुनाव में हर बूथ पर सरकार की जनकल्याण योजनाओं के आधार पर जीत का परचम लहराने के लिए भाजपा पूरी ताकत से जुटी है। चुनाव तारीख का ऐलान होने के बाद आज पार्टी के दिग्गज अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दौरे पर निकल गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पृथ्वीपुर विधानसभा में जनदर्शन और आमसभा करने वाले हैं तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा खंडवा लोकसभा के बागली विधानसभा में बैठकें लेंगे। उधर जोबट विधानसभा के लिए पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव का दो दिवसीय दौरा होने वाला है।

सीएम चौहान का आज पृथ्वीपुर विधानसभा के गोर में पहला कार्यक्रम हुआ। टीकमगढ़ जिले में आने वाले इस गांव में जनसभा को संबोधित करने के साथ उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता को बताया और कांग्रेस के 15 माह के शासन में लोगों को हुई दिक्कतों से अवगत कराया। इसके बाद दिन भर उनकी सभाएं शिवराजपुर, भाई का ढाबा, रामनगर तिगेला, बिलगांय तिगेला, भगवंत नगर तिगेला, वर्माताल, कुर्राई, प्रेमनगर, देवखा विघा तिगेला, दिगौड़ा और विजरावन में होगी।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने आज देवास पहुंचकर जिला अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कांटाफोड़ में ग्राम केन्द्र एवं नगर केन्द्र के पालक, संयोजक व प्रभारी, सभी मंडलों के पदाधिकारी, विधानसभा में निवासरत पदाधिकारी, चुनाव की दृष्टि से प्रदेश द्वारा तय चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी व पदाधिकारियों की बैठक की। इसके बाद विधायकों, निवर्तमान जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकाय के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, जिला पंचायत के सदस्य, जिला सहकारी बैंकों के निर्वाचित प्रतिनिधि, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष व उपाध्यक्षों की बैठक को भी संबोधित किया।

 शर्मा ने कांटाफोड़ बूथ क्र. 196 के बूथ अध्यक्ष अशोक बाथम के निवास पर भोजन किया। वे इसके बाद युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम, जिला अध्यक्ष, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रमुख नेताओं, प्रदेश द्वारा तय चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी की बैठक में भी शामिल होंगे। इसके बाद उज्जैन जाकर भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे। महाकाल परिसर में विद्वतजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here