Udhyog Hakikat

दशहरा पर तीन अति शुभ योग, 5 अक्टूबर को मनाया जायेगा

रायपुर
दशहरा का पर्व अश्विन माह में शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। हिन्दू मान्यताओं के अनुसार त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने लंकापति रावण का वध कर असत्य पर सत्य को विजय दिलाई थी, इसलिए त्रेताकाल से आज तक इस दिन को विजयादशमी के रूप में मनाया जाता है। दस सिर के वरदान वाले रावण के अंत की वजह से ही इसे कहीं दशहरा तो कहीं दसहारा भी कहा जाता है।

इस वर्ष विजयदशमी पर तीन बेहद खास और दुर्लभ संयोग बन रहे हैं। ये तीनों शुभ योग रवि, सुकर्मा और धृति हैं, जो इस दिन को महत्वशाली बना रहे हैं। इस योग में पूजा पाठ करने से घर में सुख-समृद्धि बढ़ेगी और नकारात्मक ऊर्जा का नाश होगा। इस दिन किसी भी चीज की खरीददारी करना लाभप्रद रहेगा। वहीं, लक्ष्मी सूक्त का पाठ करें। ऐसा करने से घर में लक्ष्मी का वास बना रहता है साथ ही सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढऩे लगता है।दशहरा इस वर्ष 5 अक्टूबर 2022 को मनाया जाएगा। हिन्दू पंचांग के अनुसार अश्विन शुक्ल दशमी तिथि 4 अक्टबूर 2022 मंगलवार को दोपहर 2 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा। जोकि अगले दिन यानी 5 अक्टूबर 2022 को दोपहर 12 बजे तक रहेगी। वहीं, विजय मुहूर्त 4 अक्टूबर दोपहर 2 बजकर 13 मिनट से 5 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक रहेगा।