दो साल बाद धर्मनगरी में पूरे रंग में होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022, गीता दौड़ से होगा आगाज

0
59

कुरुक्षेत्र
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 इस बार कोरोना महामारी के दो साल बाद पूरे रंग में होगा। महोत्सव 19 नवंबर को ब्रह्मसरोवर पर शुरू होगा और छह दिसंबर तक चलेगा। महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 29 नवंबर से चार दिसंबर तक होंगे। चार दिसंबर को दीपदान के साथ मुख्य कार्यक्रमों का समापन होगा।

इस दिन शुरू होगा मेला
सरस और शिल्प मेला छह दिसंबर तक चलेगा। 48 कोस कुरुक्षेत्र के 75 तीर्थों पर भी कार्यक्रम किए जाएंगे। 19 नवंबर से पहले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आगाज गीता रन (दौड़) के साथ किया जाएगा। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यालय के सभागार में बुधवार देर सायं काे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बाद अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। महोत्सव में 19 नवंबर से लेकर छह दिसंबर तक सरस और शिल्प मेले का आयोजन किया जाएगा।

देश भर से आएंगे शिल्‍पकार
शिल्प मेले में देश और प्रदेश के शिल्पकार पहुंचेंगे। इन शिल्पकारों की सूची एनजेडसीसी और डीआरडीए तैयार करेगा। मुख्य कार्यक्रम के दौरान गीता पूजन, गीता यज्ञ, अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार, गीता पाठ, वैश्विक गीता पाठ, संत सम्मेलन, 48 कोस के 75 तीर्थों पर गीता महोत्सव को लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे।

योजनाओं व विकास कार्यों की प्रदर्शनी
सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी पुरुषोत्तमपुरा बाग में लगाई जाएगी। इसके साथ कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के 48 कोस कुरुक्षेत्र के तीर्थों की प्रदर्शनी और हरियाणा पैवेलियन का मंच भी सजाया जाएगा। यहां हरियाणा के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 13 नवंबर को गीता रन का आयोजन किया जाएगा। एनआइसी आनलाइन क्विज कराएगा। इसमें देश-विदेश का कोई भी नागरिक भाग ले सकेगा।

सरोवरों की सफाई पर रखना है ध्यान
उपायुक्त ने ब्रह्मसरोवर और सन्निहित सरोवर के साथ शहर की सफाई व्यवस्था पर फोकस रखने के आदेेश दिए। इसके अलावा सीवरेज, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, शहर की सड़कें, वैश्विक गीता पाठ और अन्य कार्यक्रमों को तैयार रखने की कही। केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कनाडा, इंग्लैंड व मारिशस में मनाए गए गीता महोत्सव के बारे में बताया। केडीबी के सीईओ चंद्रकांत कटारिया ने कमेटियों के बारे में बताया। इस मौके पर एडीसी अखिल पिलानी, एसडीएम सुरेंद्र पाल, एसडीएम कपिल शर्मा, एसडीएम नसीब कुमार, डीएसपी सुभाष चंद्र, केडीबी सदस्य सौरभ चौधरी, विजय नरुला, उपेंद्र सिंघल, केसी रंगा व महेंद्र सिंगला मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here