कोरोना पर बड़ी जीत: देश की 75% वयस्क आबादी हुई डबल वैक्सीनेटेड, PM मोदी ने दी बधाई

0
96

नई दिल्ली
कोरोना वायरस के खिलाफ जारी टीकाकरण अभियान में देश ने एक नया कीर्तिमान दर्ज किया है। जनवरी, 2021 से शुरू हुए वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत अब तक भारत ने अपनी 75 फीसदी वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। ये खुशखबरी रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मांडविया के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए देश को इस उपलब्धि की बधाई दी। सभी वयस्कों में से 75 फीसदी आबादी का पूर्ण टीकाकरण किया जा चुका है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हमारे देशवासियों को बधाई। उन सभी पर गर्व है जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं।

गौरतलब है कि भारत समेत दुनिया के कई देश पिछले 2 वर्षों से कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप झेल रहे हैं। वर्तमान में भारत कोविड-19 की तीसरी लहर से गुजर रहा है, हालांकि टीकाकरण की बदौलत इस बार महामारी ने दूसरी लहर जितना आतंक नहीं मचाया। देश में 16 जनवरी, 2021 से टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था, हालांकि 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन की अनुमति 1 मई, 2021 से दी गई थी। फिलहाल देश में अब 165 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ शुरू किए गए टीकाकरण अभियान के तहत देश की 75 फीसदी वयस्क आबादी अब डबल वैक्सीनेटेड हो चुकी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'सबका साथ, सबका प्रयास' के मंत्र के साथ, भारत ने अपनी 75% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। कोरोना से लड़ाई में हम निरंतर मज़बूत हो रहें है। हमें सभी नियमों का पालन करते रहना है और जल्द से जल्द वैक्सीन लगवानी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here