बिहार में सक्रिय गिरोह के 7 अपराधी धराए, बाइक-कार और नकदी लूट की कई वारदातों को दे चुके हैं अंजाम

0
144

भागलपुर
 
पूरे बिहार में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को चोरी की सात बाइक के साथ भागलपुर के तिलकामांझी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जीरोमाइल थाना क्षेत्र में टोटो चालक से लूटपाट के मामले में चार आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भागलपुर एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बाइक चोर गिरोह के सदस्यों के पास से बरामद की गई चोरी की बाइक पटना, बांका, अररिया और भागलपुर के रजिस्ट्रेशन नंबर पर हैं। एसपी सिटी ने बताया कि जीरोमाइल थाना क्षेत्र के रानीतालाब के पास नौ अक्टूबर की रात टोटो चालक से हुई लूटपाट मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लूटा गया ई-रिक्शा और कई मोबाइल फोन बरामद किया है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एएसपी सिटी शुभम आर्य भी मौजूद थे। एसपी सिटी ने कहा कि दोनों ही मामलों का उद्भेदन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।

गुरुवार को तिलकामांझी थाना क्षेत्र में बाइक के साथ एक संदिग्ध युवक दिखा। तिलकामांझी थानाध्यक्ष राजरतन कुमार ने जब उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम आशीष बताया जो सबौर का रहने वाला है। पुलिस की दबिश के बाद बताया कि उसने सैंडिस कम्पाउंड से बाइक चोरी की है। आरोपी की निशानदेही पर मधुसूदनपुर के मनियापुर के रहने वाले रूपेश कुमार और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से सात बाइक बरामद की गई। बाइक चोर गिरोह से पूछताछ और उनकी गिरफ्तारी में तिलकामांझी थानाध्यक्ष के अलावा बरारी थानाध्यक्ष संजय सत्यार्थी और तिलकामांझी की एसआई सोनी कुमारी और एसआई जियाऊल इस्लाम शामिल थे। पकड़े गए लड़कों ने पुलिस को बताया है कि वे विभिन्न जिलों में जाकर बाइक चोरी करते हैं। यह भी बताया कि लोदीपुर में एक शख्स के यहां वे बाइक को बेच देते हैं। एसपी सिटी ने बताया कि एक महीने के अभियान में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 21 वाहन बरामद किए, 17 वाहन चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

भागलपुर के एसपी सिटी ने जीरोमाइल थाना क्षेत्र के रानीतालाब में नौ अक्टूबर की रात हुई ई-रिक्शा लूट कांड का खुलासा करते हुए बताया कि सबौर थाना क्षेत्र के रहने वाले इलेक्ट्रिक रिक्शा चालक निलेश कुमार के साथ लूट की घटना हुई थी। स्टेशन से उसे मीराचक के लिए बुक कराया गया था। यात्रियों को वहां छोड़ने के बाद निलेश लेकर लौट रहा था तभी रानीतालाब स्थित माउंट असीसी स्कूल के पास दो नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर पास में स्थित बगीचे में उससे ई रिक्शा और एक हजार रुपये लूट लिए थे। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। पुलिस जांच में लुटेरों का पता चला और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने खरीक के रहने वाले संजय कुमार, जीरोमाइल क्षेत्र के मीराचक के रहने वाले सरगुन मंडल, कृष्णा उर्फ किशन मंडल और रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया। उनके पास से ई रिक्शा के साथ तीन मोबाइल भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि बिहार के कई जिलों में लूटपाट की वारदातों को गिरोह ने अंजाम दिया है। लूट गैंग में कई अन्य के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस गिरफ्तार किये गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here