उपचुनाव: कैंडिडेट की अधिकृत सूची घोषित, भाजपा ने वंशवाद को किया खारिज

0
87

भोपाल
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन में वंशवाद को बढ़ावा देने वालों को तगड़ा झटका दिया है, वहीं दलबदलु नेताओं को पार्टी में टिकट देकर चौंकाने का काम किया है। गुरुवार को घोषित किए गए उपचुनाव वाले चार प्रत्याशियों में दो नेता दूसरे दलों से भाजपा में आए और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को पीछे छोड़ते हुए टिकट हासिल करने में कामयाब रहे।  

बीजेपी ने मध्यप्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की अधिकृत सूची गुरुवार को जारी कर दी। चार दिन पहले भाजपा में शामिल हुईं दिग्विजय सरकार में मंत्री रहीं सुलोचना रावत को जोबट सीट से टिकट दिया गया है। वहीं पृथ्वीपुर से पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के कैंडिडेट रहे और उसके बाद भाजपा में शामिल हुए डॉ. शिशुपाल यादव को प्रत्याशी बनाया है।

टिकट वितरण में भाजपा ने यह संकेत दिए हैं कि पार्टी में वंशवाद के आधार पर टिकट नहीं दिए जाएंगे। रैगांव से पूर्व मंत्री जुगुल किशोर बागरी के बेटे देवराज बागरी और पुष्पराज बागरी ने दावेदारी की थी। इनमें से किसी को टिकट नहीं मिला। यहां से प्रतिमा बागरी को उम्मीदवार बनाया गया जो पूर्व मंत्री जुगुल किशोर बागरी के बड़े भाई की नातिन हैं। इसी तरह खंडवा लोकसभा सीट से पूर्व सांसद नंदकुमार चौहान के बेटे हर्षवर्धन सिंह चौाहान दावेदारी कर रहे थे।

उन्होंने पार्टी दफ्तर में वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी दावेदारी की थी लेकिन उन्हें मौका नहीं दिया गया। यहां से खंडवा जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व किसान मोर्चा उपाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ज्ञानेश्वर पाटिल को खंडवा लोकसभा सीट का उम्मीदवार बनाया गया है। उनके परिवार, रिश्तेदारों में से कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि वाला नहीं है। गौरतलब है कि दो दिन पहले सीएम चौहान ने अपने बयान में यह संकेत दिए थे कि भाजपा में वंशवाद और परिवारवाद के आधार पर टिकट नहीं दिया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी की बात करती है लेकिन उस वर्ग के लिए कुछ नहीं किया है। हमने खंडवा में ओबीसी वर्ग के कार्यकर्ता को चुनाव मैदान में उतारा है। शर्मा ने कहा कि भाजपा सभी का ध्यान रखने वाला दल है। उन्होंने कहा कि आज पार्टी ने चारों उपचुनाव के लिए कैंडिडेट घोषित कर दिए हैं और ये सभी प्रचंड बहुमत से जीतेंगे।

टिकट की घोषणा होने के बाद खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पाटिल ने आज रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर नामांकन भरा। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे। विधानसभा सीट से घोषित प्रत्याशी कल नामांकन दाखिल करेंगे। उधर कांग्रेस के खंडवा लोकसभा कैंडिडेट राजनारायण सिंह कल नामांकन दाखिल करेंगे।

रैगांव विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री व भाजपा से विधायक रहे जुगुल किशोर बागरी के बेटे पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी प्रतिमा बागरी के विरुद्ध बगावत कर सकते हैं। जुगुल किशोर के दोनों ही बेटों पुष्पराज बागरी और देवराज बागरी ने नामांकन दाखिल करने के लिए पर्चा खरीदा है। पुष्पराज को लेकर चर्चा है कि वे आज निर्दलीय नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि तीस साल की सेवा और सहानुभूति की बदौलत वे चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here