प्रदेश में उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

0
74

भोपाल
मध्यप्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव और सुरेश पचौरी भी शामिल हैं। खास बात यह है कि इस सूची में मध्यप्रदेश के बाहर का कोई नेता शामिल नहीं किया गया है। वहीं इस सूची में गांधी परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं है।

मध्यप्रदेश में 30 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। भाजपा और कांग्रेस ने अपने सभी प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर दी है। शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेनुगोपाल ने यह सूची जारी की।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, सुरेश पचौरी और कांतिलाल भूरिया, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, सज्जन सिंह वर्मा, कमलेश्वर पटेल, मुकेश नायक, सिद्धार्थ कुशवाह, अजय सिंह, विक्रांत भूरिया और अर्चना जायसवाल को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इस सूची में सिर्फ मुकुल वासनिक ही ऐसे प्रचारक हैं, जो मध्यप्रदेश के बाहर के हैं।

 

खंडवा लोकसभा सीट

    कांग्रेस प्रत्याशी-राजनारायण सिंह पूरनी
    भाजपा प्रत्याशी– ज्ञानेश्वर पाटिल

खंडवा लोकसभा सीट पर इससे पहले नंदकुमार सिंह चौहान भाजपा के सांसद थे। उनका कोरोना से निधन हो गया था।

रैगांव विधानसभा सीट (एससी)

    कांग्रेस प्रत्याशी- कल्पना वर्मा
    भाजपा प्रत्याशी- प्रतिमा बागरी

सतना जिले की रैगांव विधानसभा सीट से पहले भाजपा के जुगल किशोर बागरी विधायक थे। 10 मई को उनका कोरोना से निधन हो गया था, तभी से यह सीट खाली थी।

जोबट विधानसभा सीट (एसटी)

    भाजपा प्रत्याशी- सुलोचना रावत
    कांग्रेस प्रत्याशी- महेश पटेल

अलीराजपुर जिले की जोबट (एसटी) सीट से कलावती भूरिया कांग्रेस की विधायक थी। 24 अप्रैल को उनका कोरोना से निधन हो गया था। यह सीट आदिवासी बहुल क्षेत्र की है। इसलिए कांग्रेस इस सीट के जरिए अगले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर काम कर रही है। कलावती भूरिया पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झाबुआ से विधायक कांतिलाल भूरिया की भतीजी थीं।

पृथ्वीपुर विधानसभा सीट

    भाजपा प्रत्याशी- डा. शिशुपाल सिंह
    कांग्रेस प्रत्याशी- नितेंद्र सिंह राठौर

निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक रहे ब्रजेंद्र सिंह राठौर का भी कोरोना से निधन हो गया था। कांग्रेस ने यहां से उन्हीं के बेटे को चुनाव मैदान में उतारा है।

30 को मतदान, 2 नवंबर को परिणाम

प्रदेश की चारों सीटों पर मतदान 30 अक्टूबर को होगा और 2 नवंबर को मतगणना होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here