राजस्थान: राजनीतिक नियुक्तियों की दौड़ में चुनाव लड़ चुके नेता भी शामिल, कांग्रेस में टूटा ‘एक व्यक्ति एक पद’ का फाॅर्मूला

0
92

जयपुर
राजस्थान में 10 जिला अध्यक्षों को बीस सूत्रीय कार्यक्रम समिति का जिला उपाध्यक्ष बनाने के बाद चुनाव लड़ चुके नेताओं ने भी राजनीतिक नियुक्तियों के लिए लाॅबिंग तेज कर दी है। जिला अध्यक्षों को राजनीतिक नियुक्तियों में एडजस्ट करने के बाद विधानसभा, स्थानीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव लड़ चुके नेताओं की उम्मीद जागी है। इन नेताओं का कहना है कि जब जिला अध्यक्षों को राजनीतिक नियुक्तियां दी जा सकती है तो चुनाव लड़ चुके नेताओं को राजनीतिक नियुक्तियों में एडजस्ट क्यों नहीं किया जा सकता। दरअसल, कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा तय किए गए 'एक व्यक्ति एक पद' सिद्धांत के फाॅर्मूले के चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्व मंत्री हरीश चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। पंजाब का प्रभार मिलने के बाद हरीश चौधरी ने मंत्री पद छोड़ दिया था। इसी प्रकार रघु शर्मा ने गुजरात की जिम्मेदारी मिलने के बाद मंत्री पद से इस्तीफ दे दिया। गोविंद सिंह डोटासरा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते शिक्षामंत्री का पद छोड़ना पड़ा था।

राजस्थान में लागू है 'एक व्यक्ति एक पद' का सिद्धांत
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस में 'एक व्यक्ति एक पद' का सिद्धांत लागू है। कोई भी नेता या कार्यकर्ता दो पदों पर काम नहीं कर सकता। जिन नेताओं को लोकसभा, विधानसभा, पंचायत चुनाव और स्थानीय निकाय के चुनावों में टिकट दिया गया उन्हें राजनीतिक नियुक्तियां नहीं दी जाएंगी। चुनावों में टिकट नहीं मिलने वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं को राजनीतिक नियुक्तियों में एडजस्ट किया जाएगा, लेकिन गहलोत सरकार ने नव नियुक्त 13 में 10 जिला अध्यक्षों को बीस सूत्रीय कार्यक्रम समिति का उपाध्यक्ष बनाकर राजनीतिक नियुक्तियों का तोहफा दे दिया। गहलोत सरकार के इस निर्णय से चुनाव लड़ चुके नेताओं को राजनीतिक नियुक्ति मिलने की उम्मीद जाग गई।

कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के फाॅर्मूले पर अमल नहीं
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी पार्टी आलाकमान के बनाए गए 'एक व्यक्ति एक पद' के सिद्धांत पर अमल नहीं कर रही है। कांग्रेस के 10 जिला अध्यक्षों को जिला बीस सूत्रीय कार्यक्रम समिति का उपाध्याक्ष बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दोहरा लाभ दे दिया। आलाकमान की ओर से तय किए गए 'एक व्यक्ति एक पद' के सिद्धांत पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अमल नहीं कर रही है। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से पार्टी कार्यकर्ता और नेता राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस ने हाल ही में नए बनाए गए 13 जिला अध्यक्षों में से 10 को जिला बीस सूत्रीय कार्यक्रम समिति का उपाध्यक्ष बनाकर संगठन के साथ-साथ सत्ता सुख भोगने का अवसर भी दिया।
 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here