भाजपा-कांग्रेस के समीकरण गड़बड़ाए, जिला पंचायतों में अध्यक्ष बनाने के दावे से कतरा रहे

0
127

भोपाल
जिला पंचायत सदस्यों की प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर चली रही बाड़ाबंदी के बाद भाजपा और कांग्रेस के समीकरण गड़बड़ाए हैं। जिला पंचायतों के नतीजे आने के बाद दोनों दल अध्यक्ष बनवाने के जो दावे कर रहे थे, अब वे उतनी मजबूती से उस दावे को कुबूल नहीं कर पा रहे हैं।  इसके बाद भी दोनों ही दल अपनी-अपनी पार्टी के समर्थित जिला पंचायत सदस्य को जिला पंचायत का अध्यक्ष बनाने में जुटे हैं। इसके लिए दोनों ही दलों की ओर से कई प्रयास किये जा रहे हैं। बाड़ाबंदी से लेकर पार्टी के प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से भी जिला पंचायत सदस्यों की मुलाकात का दौर शुरू हो चला है।

भाजपा और कांग्रेस का दावा था कि वे अधिकांश जिलों में उनके दल से जुड़े सदस्य ही जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगे। इसमें बाड़ाबंदी से लेकर कई तरह के प्रयास किये जा रहे हैं। दोनों ही दल हर हाल में जिला पंचायत में अपने से जुड़े नेताओं को अध्यक्ष बनाने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बाड़ाबंदी इतने बड़े पैमाने पर हो गई कि अब दोनों ही दल इस स्थिति में नहीं हैं कि दावा कर सके कि किन- किन जिलों में उसके जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगे। हालांकि भाजपा के अधिकांश जिलों में ज्यादा सदस्य चुने गए हैं।  इसलिए जिला अध्यक्ष बनाए जाने में इन जिलों में भाजपा अपना अध्यक्ष बनवाने में सफल रहेगी।

कांग्रेस के भी कई जिलों में भाजपा से ज्यादा सदस्य चुन कर आए हैं। ऐसे जिलों में वह भी अध्यक्ष पद पा सकती है। इन सब के बीच कुछ जिले ऐसे हैं, जहां पर दोनों ही दलों के चुनाव जीते सदस्यों की संख्या बराबर या एक-दो सदस्यों का अंतर हैं। ऐसे जिलों में दोनों ही दलों के बीच जबरदस्त मुकाबला है। यहां पर सदस्यों को अपने तरफ करने के लिए कई तरह के प्रयास किये जा रहे हैं। जिसमें बाड़ाबंदी सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके चलते ही कई जिलों के सदस्यों को तीर्थ स्थलों के अलावा पर्यटक स्थल और अन्य जगहों पर भेजा गया है। इन्हें अध्यक्ष के चुनाव वाले ही दिन अपने जिलों में मतदान के लिए लाया जाएगा।

सीएम और प्रदेश अध्यक्ष से होगी मुलाकात
जिला पंचायत और जनपद पंचायत के सदस्यों की मुलाकात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात होगी। इस मुलाकात के बाद भी कई गैर भाजपा सदस्य भी भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष का समर्थन करते हुए उसके पक्ष में मतदान कर सकते हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी ऐसा ही कर रहे हैं। वे भी जिला पंचायत के सदस्यों से अपने बंगले पर पिछले दो दिनों से मुलाकात कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here