सिवनी के जिस काल कोठरी में 149 दिन बंद रहे थे सुभाष चंद्र बोस, वहां कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि

0
74

भोपाल/ सिवनी
भारत की आजादी की हीरक जयंती के तत्वावधान में आज सिवनी में बाल सुधार गृह के कारागार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माननीय श्री कमलनाथ जी के नेतृत्व में आजादी की हीरक जयंती मनाने के लिए गठित कमेटी के तत्वाधान में प्रदेश भर में स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में वर्ष 1932 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को 3 जनवरी को इस कारागार में बंद किया गया था। सुभाष चंद्र बोस 149 दिन तक सिवनी की जेल में बंद रहे थे। वर्तमान में इस जेल को बाल सुधार गृह में परिवर्तित कर दिया गया है। आज सिवनी जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने माननीय कमलनाथ जी के निर्देश पर बाल सुधार गृह पहुंचकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। बाल सुधार गृह की आचार संहिता के मुताबिक कोई भी बालिक व्यक्ति जेल की काल कोठरी के अंदर नहीं जा सकता इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी ओर से पुष्पांजलि और फूल माला सुधार ग्रह के कर्मचारियों को दी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस का सम्मान किया।

इस अवसर पर सिवनी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राजकुमार खुराना ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस भारत की आजादी के महान सिपाही थे और कांग्रेस पार्टी के दो बार अध्यक्ष रहे। सिवनी में करीब 6 महीने तक कारागार में रहने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में नेताजी सुभाष चंद्र बोस का कद और ज्यादा बढ़ गया। 1938 और 1939 में वह कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने।

स्वतंत्रता की हीरक जयंती की समन्वय समिति के को ऑर्डिनेटर श्री भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वतंत्रता की हीरक जयंती में पूरे प्रदेश में आजादी के सिपाहियों से जुड़े स्थलों पर सम्मान और श्रद्धांजलि के कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी क्रम में अब अमर शहीद मधुकर शाह बुंदेला, बांटिया जी और क्रांतिकारी तात्यां टोपे सहित विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित करेगी।

सर्वश्री मोहन सिंह चंदेल पूर्व ज़िला पंचायत अध्यक्ष, मप्र विमुक्त एवं घुमक्कड़ प्रकोष्ठ के अध्यक्ष देवी सिंह चौहान , पार्षद द्वय सुरेंद्र करोसिया, शीरी खान ज़िला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री ब्रजेश सिंह बघेल, ज़िला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष आनँद पंजवानी, प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के सचिव विष्णु करोसिया, श्रीमति विमला ठाकुर श्रीमति सुनीता वर्मा, ज़िला कांग्रेस के महामंत्री एवं प्रवक्ता राजिक अकील, ज़िला आईटी सैल के अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ज़िला असंगठित कामगार कांग्रेस के अध्यक्ष नितिन शुक्ला, ज़िला झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेश माना ठाकुर, ज़िला सद्भावना प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गिडियन टी सिंह ज़िला पंचायत के सदस्य घनश्याम सनोडिया आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस के साथी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here