मुख्यमंत्री चौहान ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए

0
84

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अयोध्या में रामलला जी के दर्शन किए और सरयू नदी के तट पर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्रीराम से देश एवं प्रदेशवासियों पर उनकी कृपा की अमृत वर्षा करने तथा सभी की मनोकामनाएँ पूर्ण करने की प्रार्थना की। उन्होंने सब सुखी हों, सबका मंगल हों एवं सबका कल्याण करने की भी प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सनातन धर्म के गौरवशाली इतिहास की पुनर्स्थापना और राष्ट्र के नवनिर्माण के प्रतीक अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण को देखकर ह्रदय आनंद से भर गया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य, दिव्य और अलौकिक मंदिर के निर्माण के स्वप्न को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार माना।

मुख्यमंत्री चौहान ने पुण्य-सलिला सरयू नदी के तट पर भी पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुझे यहाँ अद्वितीय अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि पुण्य-सलिला के तट पर सम्पूर्ण वातावरण राममय हो गया था। चहुँओर राम-राम की अनुगूँज थी। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here