मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से दिए महाकाल लोक के लोकार्पण के संबंध में निर्देश

0
87

हर गांव में 11 अक्टूबर को मंदिरों में होंगे विविध आयोजन मुख्यमंत्री
रीवा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उज्जैन में नवनिर्मित महाकाल लोक के लोकार्पण के संबंध में निर्देश दिए। इसका लोकार्पण 11 अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 अक्टूबर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक अवसर का दिन है। प्रधानमंत्री जी उज्जैन के बाबा महाकाल परिसर में विकसित किए गए महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे। इसमें भगवान महाकाल से जुड़ी अदभुत रचनाएं संजोई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के सांस्कृतिक केन्द्रों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए हैं। इन्हीं प्रयासों का फलीभूत रूप महाकाल लोक का निर्माण है। इसके लोकार्पण को पूरे प्रदेश में लोक उत्सव की तरह मनाया जाएगा। इस दिन शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में सजावट कर कार्यक्रम आयोजित करें। प्रत्येक गांव में मंदिरों में विविध कार्यक्रम आयोजित करें। इन कार्यक्रमों से पुजारियों को अवश्य जोड़ें। मंदिर में भजन-कीर्तन तथा दीप जलाने जैसे सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस कार्यक्रम से लोगों को जोड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रचार प्रसार करें। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को इस ऐतिहासिक क्षण से जोड़ें। इस दिन मंदिरों की साफ-सफाई करके उन्हें चमका दें। महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की भी व्यवस्था कराएं।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा आमजन मिलकर इन कार्यक्रमों का आयोजन करें। मुख्यमंत्री ने जनसेवा अभियान में हर पात्र हितग्राही का आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे ऑनलाइन दर्ज करने के भी निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कमिश्नर अनिल सुचारी, कलेक्टर मनोज पुष्प, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े तथा जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ अजय सिंह वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here