CM शिवराज ने महात्मा गांधी को नमन कर शुरू किया नशामुक्त अभियान

0
165

भोपाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजघाट पहुंचकर राष्टÑपिता महात्मा गांधी को उनकी 153वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।  साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री पं. लालबहादुर शास्त्री को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि। यह गांधी जयंती और भी खास है क्योंकि भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हो सकता है (हम) हमेशा बापू के आदर्शों पर खरा उतरें …।’

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नशा नाश की जड़ है, इसको दादागीरी से बंद नहीं किया जा सकता है, इसके लिए लोगों को प्रेरित कर ही किया जा सकता है। यह गांधी का दर्शन है। गांधी दर्शन पर केवल विचार व्यक्त करने के स्थान पर उनके आदर्शों पर हम सभी चलें, तो राष्ट्र और समाज के नवनिर्माण में साझीदार हो सकते हैं। बापू ने कहा था कि शराब शरीर और आत्मा दोनों का नाश करती है। नशा उन्नत समाज, समृद्ध प्रदेश और सशक्त देश के संकल्प की सिद्धि में बाधक है। इसलिए राज्य सरकार गांधी जयंती से नशामुक्ति अभियान शुरू कर रही है।

सीएम चौहान ने ये बातें राजधानी के रवीन्द्र भवन में आयोजित महात्मा गांधी सम्मान समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कार्यों और प्रयासों से भी गांधी के दर्शन के अलग-अलग पहलुओं को जमीन पर उतार सकते हैं।  चौहान ने कहा कि बापू के स्वच्छता जैसे प्रयासों को प्रधानमंत्री मोदी आगे बढ़ा रहे है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को स्मरण करते हुए कहा कि आज शास्त्री जयंती भी है। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री के अल्पकाल में बड़े काम किए। अन्न के भंडार उनके कार्यकाल में भरे थे।

30 नवंबर तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी मौजूद रहीं। यह अभियान 30 नवम्बर तक चलेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, मंत्री प्रेम सिंह पटेल, बाबा रामदेव, श्रीराम चन्द्र मिशन के अध्यक्ष कमलेश पटेल दाजी, देव संस्कृत विश्वविद्यालय गायत्री परिवार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पण्डया और आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उमा भारती की शराब बंदी के लिए पदयात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ नशामुक्ति कार्यक्रम में शामिल होने के पहले नीलम पार्क से कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मौजूद गांधी प्रतिमा तक महिलाओं के साथ पदयात्रा की। उमा ने कहा कि हमारा भी कार्यक्रम होगा ताकि हमारे आंदोलन की धारा अपने स्वतंत्र रूप में पूर्ण शराबबंदी की दिशा में चलती रहे। भारत माता की नाभि में नशा एवं शराब नहीं भर सकते हैं, मध्य प्रदेश को शराब एवं नशे में नहीं बहने देंगे, यह हमारा संकल्प है।

गांधी के आदर्श मौजूदा चुनौतियों को हरा सकते हैं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र के नाम संदेश में कहा, गांधी जयंती हम सभी के लिए उनके प्रेरक जीवन – शांति, समानता और सांप्रदायिक सद्भाव के मूल्यों के लिए खुद को फिर से समर्पित करने का अवसर है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी राजघाट पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। देश और दुनिया के तमाम नेता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर हम महात्मा गांधी के जन्मदिन और शांति, सम्मान और सभी के द्वारा साझा की जाने वाली आवश्यक गरिमा के मूल्यों का जश्न मनाते हैं। हम इन मूल्यों को अपनाने और संस्कृतियों में काम करके आज की चुनौतियों को हरा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here